आगरा । मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 8वें पोषण पखवाड़ा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। यह अभियान केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज से प्रारंभ होकर मंडल के विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में संचालित किया जा रहा है।
दिनांक 10 अप्रैल 2026 को पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास हेतु संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वच्छता के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इसी क्रम में दिनांक 11 अप्रैल 2026 को “माँ की सेहत से जुड़ी है शिशु के स्वस्थ भविष्य की डोर” थीम के अंतर्गत मंडल रेल चिकित्सालय, आगरा छावनी में एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में डॉ. अवन्तिका सिंहा एवं डॉ. सपना कुमारी द्वारा महिला मरीजों को गर्भावस्था के दौरान बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
सत्र के दौरान निम्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया जिसमें एनीमिया की रोकथाम,उचित पोषण, आयरन युक्त आहार व नियमित जांच शामिल है l
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में ठोस कदम उठाना रहा।
यह पोषण पखवाड़ा 23 अप्रैल 2026 तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों एवं परामर्श सत्रों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान रेलवे का चिकित्सकीय दल अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंच बनाकर उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करेगा। आगरा मंडल अपने यात्रियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु निरंतर प्रयासरत है।


