लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए जल्द बुलाई जाएगी समीक्षा बैठक, दलालों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी
आगरा। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करने वाले दलालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। जोनल कार्यालयों में सक्रिय दलालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के लंबित आवेदनों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें सभी जोन की स्थिति की समीक्षा कर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए जाएंगे।
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर दलालों द्वारा लोगों को गुमराह करने और हजारों रुपये की मांग किए जाने की शिकायतों को नगर निगम प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को दलालों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। निगम के अधिकृत कर्मचारियों और हेल्प डेस्क के माध्यम से ही आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त करें। यदि कोई व्यक्ति प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर अवैध रकम मांगता है तो उसकी जानकारी निगम प्रशासन को दें, ताकि संबंधित व्यक्ति को चिह्नित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
नगर निगम के हरीपर्वत, छत्ता, लोहामंडी और ताजगंज जोन में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। इनमें लोहामंडी जोन की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। लंबित आवेदनों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर दलाल लोगों को जल्द प्रमाणपत्र बनवाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलने की कोशिश कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन अब लंबित आवेदनों की स्थिति, उनके निस्तारण में आ रही बाधाओं और प्रक्रिया में सुधार के उपायों की समीक्षा करेगा।
—- लंबित मामलों के निस्तारण पर रहेगा जोर
प्रस्तावित समीक्षा बैठक में अधिकारियों से जोनवार लंबित आवेदनों का ब्योरा लेकर उनके निस्तारण की कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। साथ ही यह पता लगाया जाएगा कि आवेदन लंबित रहने के पीछे तकनीकी समस्या, दस्तावेजों की कमी या अन्य प्रक्रियागत बाधाएं तो नहीं हैं। संबंधित अधिकारियों को मामलों की नियमित निगरानी करने और आवेदकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वर्जन::::
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर लोगों को गुमराह करने और अवैध वसूली करने वाले दलालों को चिह्नित कराया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। लंबित आवेदनों की समीक्षा के लिए जल्द बैठक बुलाई जाएगी और उनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया जाएगा। लोगों से अपील है कि वे दलालों के झांसे में न आएं और प्रमाणपत्र संबंधी कार्य के लिए नगर निगम के अधिकृत कर्मचारियों से ही संपर्क करें।


