
नगर आयुक्त के निर्देश पर हरकत में आया जलकल विभाग, लीकेज ठीक होने के बाद होगी पानी की सप्लाई
आगरा। पालीवाल पार्क में पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क धंसने की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर जलकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर लीकेज की मरम्मत का काम शुरू करा दिया। सड़क धंसने से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए घटनास्थल पर बैरीकेडिंग कराई गई है। अधिकारियों की निगरानी में लीकेज को दुरुस्त करने का काम तेजी से कराया गया, ताकि प्रभावित क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बहाल करने के साथ सड़क का पुनर्निर्माण भी जल्द शुरू कराया जा सके।
पालीवाल पार्क में सड़क के नीचे से गुजर रही पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण सड़क धंस गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करते हुए बैरीकेडिंग कराई गई और पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कराई गई। सड़क धंसने के कारणों को देखते हुए पहले लीकेज को पूरी तरह ठीक करने और उसके बाद ही सड़क निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है, जिससे मरम्मत के बाद दोबारा सड़क धंसने की आशंका न रहे।
यह पाइपलाइन संजय प्लेस की ओर से आ रही है। इसके माध्यम से मोती लाल नेहरू रोड, पीर कल्याणी,टीला माइथान और आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जाती है। लाइन टूटने के कारण इन क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हुई। ऐसे में पाइपलाइन का लीकेज ठीक होना और जलापूर्ति बहाल करना विभाग के लिए प्राथमिकता है। जलकल विभाग की टीम मरम्मत कार्य को पूरा करने में जुटी रही, ताकि संबंधित क्षेत्रों के लोगों को पानी की आपूर्ति के लिए अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े।
—- परीक्षण के बाद शुरू होगी पानी की सप्लाई
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता संघ भूषण के अनुसार, लीकेज वाली पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मरम्मत पूरी होने के बाद पाइपलाइन का परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण में सब कुछ ठीक पाए जाने पर इससे पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि जलकल विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। पहले पाइपलाइन की मरम्मत और उसकी स्थिति की जांच सुनिश्चित की जाएगी, इसके बाद सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा। इससे सड़क निर्माण के बाद दोबारा लीकेज के कारण खुदाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि पाइपलाइन की मरम्मत, जलापूर्ति की बहाली और सड़क निर्माण का कार्य समन्वय के साथ जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।


