
—– पर्यटकों पर लगातार हमलों के बाद दशहरा घाट और आसपास चला अभियान, वन विभाग के चिह्नित वन क्षेत्र में छोड़े जा रहे बंदर
आगरा। ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों पर बंदरों के हमले और काटने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने अब बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को पशु कल्याण विभाग की टीम ने दशहरा घाट और आसपास के क्षेत्रों में पिंजरे लगाकर दो दर्जन से अधिक बंदरों को पकड़ा। पकड़े गए बंदरों को वन विभाग के सहयोग से चिह्नित वन क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार के अनुसार, ताजमहल क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बंदरों की सक्रियता बढ़ी है। पर्यटकों के पीछे दौड़ने, खाद्य सामग्री झपटने और काटने की घटनाओं के कारण सुरक्षा की स्थिति गंभीर हो रही थी। इसी को देखते हुए नगर निगम ने ताजमहल क्षेत्र और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को दशहरा घाट सहित आसपास के इलाकों में रणनीतिक स्थानों पर पिंजरे लगाए गए। अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया। पकड़े गए बंदरों को वन विभाग द्वारा पहले से चिह्नित वन क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें आबादी और पर्यटन स्थलों से दूर प्राकृतिक वातावरण मिल सके।
लगातार सामने आ रहे थे हमले—-
ताजमहल क्षेत्र में बंदरों के हमले की घटनाएं पिछले कुछ समय में लगातार सामने आई हैं। सितंबर में ही विदेशी पर्यटकों समेत कई सैलानियों को बंदरों ने काटा। 16 सितंबर को रॉयल गेट के पास ब्रिटिश पर्यटक को बंदर ने काट लिया था। इससे पहले भी ताज क्षेत्र में विदेशी और देशी पर्यटकों पर बंदरों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इन घटनाओं के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से भी बंदरों को पकड़वाया गया था, लेकिन कुछ समय बाद अभियान बंद हो गया था। अब नगर निगम ने अभियान शुरू कर ताजमहल और आसपास के पर्यटक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी है।
—– पर्यटक क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
डॉ. अजय कुमार ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। जिन स्थानों पर पर्यटकों की आवाजाही अधिक है और जहां बंदरों की संख्या अथवा सक्रियता ज्यादा है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान बंदरों को नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित तरीके से पकड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ताजमहल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा प्राथमिकता है। बंदरों को पकड़ने के साथ ही वन विभाग के समन्वय से उन्हें चिह्नित वन क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है, जिससे मानव-बंदर संघर्ष की स्थिति को कम किया जा सके।
—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम गंभीर है। बंदरों के कारण पर्यटकों को परेशानी न हो, इसके लिए अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पिंजरे लगाए जा रहे हैं और पकड़े गए बंदरों को वन विभाग के समन्वय से निर्धारित वन क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है। अभियान को आवश्यकता के अनुसार आगे भी जारी रखा जाएगा।


