—– अपर नगर आयुक्त ने रामलीला मैदान का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश
आगरा। रामलीला आयोजन स्थल पर अपर नगर आयुक्त ने सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। । गुरुवार सुबह अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्र में लाइट, सीवर, सड़क और सफाई समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। ग्राउंड के पास गुजर रहे नाला काजी पाड़ा की बैरीकेडिंग कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने मैदान में साफ-सफाई की स्थिति देखने के साथ ही सड़क और सीवर व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन स्थल पर प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त और व्यवस्थित रहे। सीवर और सड़क की स्थिति का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने रामलीला मैदान और लाल किला के आसपास अतिक्रमण की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कहा कि आयोजन क्षेत्र को व्यवस्थित किया जाए, ताकि आवागमन में किसी तरह की बाधा न हो।
सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कराई जाए। कूड़ा एकत्र होने वाले स्थानों को चिह्नित कर समय से उठान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जेडएसओ आशुतोष वर्मा समेत नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


