न्यू आगरा सब्जी मंडी में नगर निगम की कार्रवाई, एक दर्जन से अधिक ठेल-ढकेल जब्त

Press Release उत्तर प्रदेश


—— मुख्य सड़क पर कब्जा कर लगाई थीं दुकानें, टास्क फोर्स ने हटवाया अतिक्रमण
—– विरोध के बावजूद टास्क फोर्स ने की कार्रवाई

आगरा। न्यू आगरा सब्जी मंडी में मुख्य सड़क पर ठेल-ढकेल लगाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम प्रशासन ने अभियान चलाया। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक ठेल-ढकेल जब्त कर ली गईं। नगर निगम की टीम को अचानक कार्रवाई करते देख मंडी के दुकानदारों में खलबली मच गई। कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध कर टीम को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन टास्क फोर्स के सामने उनकी एक नहीं चली।
न्यू आगरा सब्जी मंडी में दुकानदारों द्वारा निर्धारित स्थानों के बजाय मुख्य सड़क तक ठेल-ढकेल लगाकर सब्जियों की बिक्री की जा रही थी। इसके चलते न्यू आगरा-दयालबाग रोड पर दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं। सड़क पर ठेलियां खड़ी होने से राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां अक्सर यातायात बाधित रहता है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की ओर से इस समस्या की शिकायत नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित क्षेत्रीय एसएफआई जागेंद्र सिंह को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम की टास्क फोर्स ने न्यू आगरा सब्जी मंडी में पहुंचकर अभियान चलाया। टीम ने सड़क पर अतिक्रमण कर लगाई गई एक दर्जन से अधिक ठेल-ढकेल जब्त कर लीं। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने विरोध जताया, लेकिन निगम की टीम ने अभियान जारी रखते हुए अतिक्रमण हटवाया।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से मंडी क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए की गई कार्रवाई को जरूरी बताया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन—
शहर की सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न्यू आगरा सब्जी मंडी में सड़क पर ठेल-ढकेल लगाए जाने से आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए । संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *