मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अलर्ट पर नगर निगम, वीआईपी रूट पर व्यवस्थाएं चाक चौबंद

Press Release उत्तर प्रदेश

—– सड़क से लेकर डिवाइडर तक चमकाने की तैयारी, अधिकारी दौरा कर करते रहे स्थलीय निरीक्षण

आगरा। रविवार को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभिन्न मार्गों और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर की सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई संबंधी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर निगम की टीम द्वारा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्गों पर व्यापक स्तर पर सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडरों की रंगाई-पुताई के कार्य के साथ ही डिवाइडरों के रंग-रोगन को नया स्वरूप देकर आकर्षक बनाया जा रहा है। मार्गों पर रखे गए गमलों में पौधों का रखरखाव एवं नए पौधों का रोपण भी कराया जा रहा है ताकि शहर की हरियाली और सौंदर्य में वृद्धि हो सके। खास कर उस रूट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जहां से मुख्य मंत्री का काफिला गुजरना है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए वर्टिकल गार्डन की स्थिति का भी जायजा लिया और उन्हें व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त थीं अथवा डिवाइडर टूटे हुए थे, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के तहत मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जाता रहा।
खेरिया मोड़ स्थित पुल पर लगे झंडों की स्थिति का निरीक्षण कर पुराने एवं क्षतिग्रस्त झंडों को बदलकर नए झंडे लगाए गए हैं। इसके अलावा डिवाइडरों की धुलाई, फुटपाथों की सफाई तथा प्रमुख मार्गों पर पानी का छिड़काव लगातार कराया जा रहा है, जिससे धूल-मिट्टी पर नियंत्रण के साथ शहर स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री के दौरे से पूर्व सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर लिए जाएं। इसके लिए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम और उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह द्वारा लगातार फील्ड निरीक्षण किए जाते रहे। प्रत्येक कार्य की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *