आगरा परिक्षेत्र के रेल फ्रेट ग्राहकों के साथ रेल प्रशासन ने किया संवाद 

Press Release उत्तर प्रदेश
 गोवर्धन सभागार में आयोजित हुई ग्राहक वार्ता, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर हुआ मंथन 
आगरा । मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में आज दिनांक -27.06.2026 को गोवर्धन सभागार में आगरा परिक्षेत्र के रेल फ्रेट ग्राहकों के साथ एक महत्वपूर्ण ग्राहक वार्ता का आयोजन किया गया।
बैठक का उद्देश्य रेल माल परिवहन से जुड़े व्यापारियों एवं ग्राहकों की समस्याओं, सुझावों तथा अपेक्षाओं को जानना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने माल ढुलाई सेवाओं में उपलब्ध सुविधियों, नई नीतियों तथा ग्राहक हित में किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की जानकारी प्रदान की। आगरा मंडल द्वारा माल ढुलाई में वृद्धि तथा नए यातायात स्रोतों की खोज हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नव विकसित कीथम गुड्स शेड पर शीघ्र लोडिंग कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रोत्साहित किया गया , जिससे क्षेत्रीय व्यापार एवं उद्योगों को बेहतर रेल माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। कीथम गुड्स शेड आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जहां एक पूर्ण लंबाई की लाइन उपलब्ध होने से संपूर्ण रेक की लोडिंग एवं अनलोडिंग सरल एवं तेज़ी से की जा सकती है।कीथम गुड्स शेड का उपयोग न केवल व्यापारियों को तेज़, सुरक्षित एवं किफायती रेल माल परिवहन उपलब्ध कराएगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा। कुबेरपुर एवं मथुरा जंक्शन पर 24×7 कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया गया, जिससे माल लदान एवं अनलोडिंग कार्यों में तेजी आएगी तथा ग्राहकों को और अधिक सुविधाजनक एवं समयबद्ध सेवाएं प्राप्त होंगी।
उपस्थित व्यापारियों एवं ग्राहकों ने माल परिवहन से संबंधित अपने सुझाव एवं समस्याएं साझा कीं, जिन पर रेल प्रशासन ने सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। रेल प्रशासन द्वारा माल ग्राहकों की समस्याओं एवं सुझावों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए ग्राहक संतुष्टि को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। रेल अधिकारियों ने कहा कि ग्राहकों की संतुष्टि और व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाओं का निरंतर विस्तार एवं सुधार रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेल प्रशासन का उद्देश्य माल ग्राहकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करते हुए माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि करना है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा रेलवे और व्यापारिक समुदाय के मध्य बेहतर समन्वय एवं सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक  गिरीश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय)  कुलदीप मीना, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय)  शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आर.के. बघेला, सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) संजय कुमार गौतम, सहायक वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) संजीव जाटव, सहायक परिचालन प्रबंधक  ऋषिकांत सहित वाणिज्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यापार समूह के प्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े फ्रेट ग्राहक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *