ताजनगरी को सिरमौर बनाने को अधिक से अधिक फीडबैक दें : महापौर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 : आगरा को नंबर-1 बनाने के लिए नगर निगम ने तेज किया सिटीजन फीडबैक अभियान

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में ताजनगरी को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने सिटीजन फीडबैक अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सभी जोनल अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्रीय टीमों को लक्ष्य निर्धारित कर अधिक से अधिक नागरिकों से सिटीजन फीडबैक कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल नगर निगम का अभियान नहीं, बल्कि पूरे शहर की प्रतिष्ठा से जुड़ा जन अभियान है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे शॉपिंग मॉल, स्कूल, कॉलेज, होटल, बाजार और व्यस्त चौराहों पर कैनोपी एवं स्टैंडी लगाकर लोगों को स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रति जागरूक किया जाए तथा मौके पर ही नागरिकों से फीडबैक कराया जाए।
नगर निगम प्रशासन ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों का भी प्रभावी उपयोग करने की रणनीति बनाई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वाहनों के माध्यम से मोहल्लों और कॉलोनियों में सिटीजन फीडबैक देने की अपील लगातार प्रसारित कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें। अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के बिना आगरा को स्वच्छता में शीर्ष स्थान दिलाना संभव नहीं है।
बैठक में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जिम्मेदार अधिकारी प्रतिदिन शाम को फीडबैक अभियान की समीक्षा करें और जोनवार प्रगति रिपोर्ट तैयार कराएं। प्रत्येक वार्ड में अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के साथ तय लक्ष्य के अनुरूप परिणाम लाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए शहरभर में लगातार अभियान चलाए जाएं।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में आगरा को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लिए सभी शहरवासियों की भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आगरा की रैंकिंग 85वीं थी, जबकि वर्ष 2024 में शहरवासियों के सहयोग से आगरा ने देश में दसवां स्थान प्राप्त किया। अब लक्ष्य आगरा को देश में पहला स्थान दिलाना है।
उन्होंने कहा कि “आपका एक फीडबैक आगरा की रैंकिंग को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आइए, हम सब मिलकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ आगरा के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।”
बैठक में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, कार्यवाहक मुख्य अभियंता विद्युत अरविंद श्रीवास्तव ,ए ओ विपिन यादव आदि के अलावा सभी जोनल अधिकारी, जेडएसओ एवं आरएसएफआई मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *