योग से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश: आगरा मंडल में मनाया गया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा ।  आगरा रेल मंडल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अधिकारी क्लब आगरा में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।।कार्यक्रम का शुभारंभ देशभर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संबोधन के सजीव प्रसारण के साथ हुआ, जिसे उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ध्यानपूर्वक देखा एवं सुना।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। योगाभ्यास सत्र का संचालन योग विशेषज्ञ श्री विजय बहादुर, एसएसई/पीवे, मथुरा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक  गिरीश कुमार गुप्ता सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो हमें स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करता है। वर्तमान समय में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हमें योग के माध्यम से स्वयं को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त रखने का संदेश देता है।
योग प्रशिक्षक विजय बहादुर ने प्रतिभागियों को विभिन्न चालन क्रियाओं, योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान भद्रासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पवनमुक्तासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बदलती जीवनशैली, पर्यावरणीय चुनौतियों तथा बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग की उपयोगिता पर विशेष प्रकाश डाला गया। सभी प्रतिभागियों से संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं निरंतर योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लेने का आह्वान किया गयाl इसके उपरांत साउथ रेलवे कॉलोनी में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल सहित मंडल के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *