निराश्रित पशुओं पर नगर निगम का शिकंजा, 24 गोवंश पकड़कर कान्हा गौशाला भेजे

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर की सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों से करीब दो दर्जन निराश्रित गोवंश को पकड़कर कान्हा गौशाला भिजवाया। कार्रवाई के चलते संबंधित इलाकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
नगर निगम द्वारा यह अभियान पाशुपति कॉलोनी लोहामंडी, मंगलम आधार शास्त्रीपुरम तथा बगीची ताजगंज क्षेत्र में चलाया गया। अभियान में निगम की तीन विशेष टीमें और आधा दर्जन कैटल कैचर वाहन लगाए गए थे। टीमों ने सार्वजनिक सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में घूम रहे गोवंश को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशाला पहुंचाया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में निराश्रित गोवंश लगातार यातायात व्यवस्था प्रभावित करने के साथ ही सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं। कई स्थानों पर गोवंश के कारण जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए निगम प्रशासन लगातार अभियान चलाकर सड़कों से निराश्रित पशुओं को हटाने का कार्य कर रहा है।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिन पशुपालकों के गोवंश खुले में घूमते हुए पकड़े जाते हैं, उनके खिलाफ नगर निगम द्वारा जुर्माने की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि निराश्रित गोवंश पर दो हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना निर्धारित है, जबकि पशुओं के चारे के लिए अलग से दो सौ रुपये प्रतिदिन की दर से शुल्क भी वसूला जाता है।
उन्होंने कहा कि शहर को दुर्घटनामुक्त और यातायात सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नगर निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें और उन्हें निर्धारित स्थानों पर ही रखें, अन्यथा निगम की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *