बैठक में महापौर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, बारिश से पहले पूरी हों जलनिकासी की तैयारियां
आगरा। आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने स्मार्ट सिटी सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की तली झाड़ सफाई समय रहते पूरी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या शहरवासियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारियों को अभी से सक्रिय होकर कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है, उन स्थाई और अस्थाई स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए।
महापौर ने कहा कि नालों की सफाई केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि तली झाड़ सफाई कर सिल्ट को पूरी तरह बाहर निकाला जाए ताकि बारिश के समय पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएं।
बैठक में शहर के प्रमुख नालों, जलनिकासी व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन इलाकों में नालों पर अतिक्रमण या कूड़ा जमा होने की समस्या है, वहां अभियान चलाकर स्थिति में सुधार कराया जाए। साथ ही बरसात से पहले पंपिंग स्टेशनों, सीवर लाइनों और जलनिकासी से जुड़े उपकरणों की जांच भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य यह है कि इस वर्ष बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समय सीमा में तैयारियां पूरी करें।बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


