शिक्षा चौपाल में बच्चों ने पढ़ा स्वच्छता का पाठ, परिवार को भी जागरूक करने का लिया संकल्प

Press Release उत्तर प्रदेश

—- गीला-सूखा कचरा अलग करने से लेकर कूड़ेदान के सही इस्तेमाल तक समझाए स्वच्छता के तरीके

आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत नगर निगम एवं सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की ओर से सोमवार को हरीपर्वत जोन के वार्ड संख्या 44 स्थित न्यू आगरा कम्पोजिट विद्यालय में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता की आदतों से जोड़ने के साथ उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में एसएफआई चंद्रपाल, म्यूज फाउंडेशन के प्रोजेक्ट हेड अर्पित, हरीपर्वत जोनल इंचार्ज गुलफाम अंसारी और विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति सक्सेना की मौजूदगी में विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया। फाउंडेशन की टीम की ओर से रूबी एवं रिंकी मौर्या ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए रोजमर्रा की आदतों में छोटे-छोटे बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
चौपाल में विद्यार्थियों को बताया गया कि घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कूड़ेदान का सही तरीके से इस्तेमाल करने और इधर-उधर कचरा न फेंकने के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छ परिवेश बनाए रखने और कचरे के उचित निस्तारण की जरूरत भी समझाई गई।
अधिकारियों एवं संस्था की टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता, भाई-बहनों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। बच्चों को बताया गया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा चौपाल के जरिए विद्यार्थियों को स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के लिए स्वच्छता दूत की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *