प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नगर निगम का शिकंजा, शराब के ठेकों पर छापेमारी कर वसूला जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—— नबलगंज में टास्क फोर्स की सख्ती, विरोध के बावजूद कई ठेकों पर हुई कार्रवाई

आगरा। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में छत्ता जोन के नबलगंज क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने शराब के ठेकों पर विशेष अभियान चलाते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलासों के उपयोग और आसपास गंदगी फैलाने के मामले में लगभग आधा दर्जन ठेकों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान संबंधित संचालकों से हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा भविष्य में नियमों का उल्लंघन न करने की चेतावनी भी दी गई।
कार्रवाई सीएसएफआई रामजी भैया के नेतृत्व में टास्क फोर्स द्वारा की गई। अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न शराब ठेकों का निरीक्षण किया, जहां कई स्थानों पर ग्राहक प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलासों में शराब पीते हुए पाये गये। इसके अलावा ठेकों के आसपास बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा और गंदगी भी पाई गई, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ठेका संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कुछ शराब कारोबारियों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन नगर निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा प्रतिबंधित घोषित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टास्क फोर्स की सख्ती के आगे कारोबारियों की एक नहीं चली और उन्हें जुर्माना जमा करना पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। टीम ने ठेका संचालकों को निर्देश दिए कि वे प्लास्टिक गिलासों के स्थान पर वैकल्पिक पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करें तथा अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनः प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग या गंदगी फैलाते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *