
30.79 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं अधोसंरचना के विकास से संबंधित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत धौलपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण का कार्य प्रगति पर है। लगभग 30.79 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक, सुविधाजनक एवं दिव्यांगजन अनुकूल बनाया जा रहा है। स्टेशन भवन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जबकि फुट ओवर ब्रिज (FOB) एवं लिफ्ट का कार्य प्रगति पर है।
12 मीटर चौड़े FOB का निर्माण
धौलपुर स्टेशन पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़े FOB का निर्माण किया जा रहा है, जो 01 से 05 प्लेटफॉर्मों को आपस में जोड़ेगा। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में आसानी होगी और रेलवे ट्रैक पार करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
लिफ्ट का निर्माण
FOB के साथ लगभग 94 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट का निर्माण किया जा रहा है। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन, महिलाओं, बच्चों तथा अधिक सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। भीड़भाड़ के समय यात्रियों का आवागमन भी अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित होगा।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नए स्टेशन भवन में रिटायरिंग रूम, डॉरमेट्री एवं लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, आधुनिक साइनेज, कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, मानक रैंप, दिव्यांगजन पार्किंग, लो-हाइट टिकट बूथ, हेल्प बूथ, सीसीटीवी,दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय एवं वाटर बूथ जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है।
स्टेशन पुनर्विकास के तहत 2,836 वर्गमीटर में मुख्य स्टेशन भवन की फिनिशिंग, 780 वर्गमीटर सर्कुलेटिंग एरिया, 3,172 वर्गमीटर पार्किंग तथा 2,160 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य किया जा रहा है।
साइनेज बोर्ड
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर मार्गदर्शन के लिए स्टेशन भवन में विभिन्न यात्री सुविधाओं से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। इन साइनेज बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं संबंधित स्थानों की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी।
साइनेज बोर्ड लगाए जाने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवागमन के दौरान आवश्यक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा स्टेशन पर यात्री अनुभव को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
यात्रियों को होंगे प्रमुख लाभ
पुनर्विकास के बाद यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी, बेहतर प्रवेश-निकास, सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय/रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री रूम में ठहरने की सुविधा तथा दिव्यांगजन के लिए सुगम आवागमन उपलब्ध होगा। FOB और लिफ्ट की सुविधा से प्लेटफॉर्म बदलना आसान होगा तथा ट्रैक पार करने की आवश्यकता समाप्त होगी।
सर्कुलेटिंग एरिया में रेलवे इंजन
धौलपुर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में ऐतिहासिक रेलवे इंजन स्थापित किया गया है, जो धौलपुर की गौरवशाली रेलवे विरासत और नैरोगेज रेल इतिहास की याद दिलाता है।
यह ऐतिहासिक इंजन यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र होने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय रेलवे की समृद्ध विरासत, तकनीकी विकास और धौलपुर के ऐतिहासिक रेल सफर से परिचित कराने का माध्यम भी है।
धौलपुर स्टेशन के पुनर्विकास से स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक यात्री अनुभव मिलेगा।


