—– शहरवासियों को मिले शुद्ध पेयजल, नगर आयुक्त ने किया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण
—- कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए
— भीषण गर्मी में पूरी क्षमता से संचालित किए जाएं संयंत्र
आगरा। शहरवासियों को निर्बाध और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सिकंदरा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं रॉ वाटर इंटेक वेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल शोधन प्रक्रिया, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था तथा संयंत्रों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्लांट एवं जलापूर्ति से संबंधित सभी उपकरणों और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा कहीं भी किसी प्रकार की तकनीकी या संचालन संबंधी कमी दिखाई दे तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक गौरव चौधरी, सहायक अभियंता सरफराज कुरैशी, महाप्रबंधक संघ भूषण, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार तथा आदित्य कुमार भी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से जल शोधन की प्रक्रिया, पानी की गुणवत्ता जांच तथा वितरण प्रणाली की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी या गुणवत्ता संबंधी शिकायत न मिले। साथ ही जल शोधन संयंत्रों की मशीनरी के रखरखाव और समय-समय पर परीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
“शहरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जलापूर्ति व्यवस्था में कहीं भी कोई कमी न रहे। यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या खामी सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
– संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त।


