तीन दिन चलेगा सीएंडडी वेस्ट उठान अभियान, चारों जोनों में लगेंगी टीमें

Press Release उत्तर प्रदेश

—— चार जेसीबी-डंपर सेट, आठ ट्रैक्टर मलबा उठाने में लगाएं जाएंगे,रेड-यलो स्पॉट की भी होगी धुलाई

आगरा। शहर में सड़क किनारे जमा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) को हटाने के लिए नगर निगम 6 से 8 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाएगा। चारों जोनों में एक साथ होने वाली कार्रवाई के दौरान मलबा उठाने के साथ चिन्हित रेड और यलो स्पॉट की सफाई व धुलाई भी कराई जाएगी। अभियान के लिए चार जेसीबी-डंपर सेट और आठ ट्रैक्टर लगाए गए हैं, जबकि रेड-यलो स्पॉट की सफाई के लिए आठ वाहन लगाए जाएंगे।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि अभियान के पहले दिन 6 अक्तूबर को छत्ता जोन में राम बारात रूट और रावतपाड़ा, हरीपर्वत जोन में जनकपुरी से भावना स्टेट रोड होते हुए गैलाना रोड तक, ताजगंज जोन में ताजनगरी फेस-2 और लोहामंडी जोन में पचकुईया कब्रिस्तान के पीछे तथा एमजी रोड स्थित नालबंद चौराहे के पास सीएंडडी वेस्ट उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीनों दिन जोनवार टीमें मौके पर रहकर सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाएंगी। इसके साथ ही गंदगी वाले रेड और यलो स्पॉट पर सफाई और पानी से धुलाई कराकर स्थल को बेहतर बनाया जाएगा। प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए दोबारा मलबा डाले जाने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य सड़क किनारे पड़े सीएंडडी वेस्ट को हटाने के साथ ऐसे स्थानों को दोबारा गंदगी का केंद्र बनने से रोकना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *