‘कैप्टन क्लीन’ बना शहर का आधिकारिक मैस्कॉट

Press Release उत्तर प्रदेश

—– जनभागीदारी से बदलेगा आगरा का भविष्य, ‘कैप्टन क्लीन’ करेगा स्वच्छता का नेतृत्व

आगरा। नगर निगम ने शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई दिशा देने के लिए एक अभिनव पहल करते हुए अपना आधिकारिक स्वच्छता मैस्कॉट ‘कैप्टन क्लीन’ लॉन्च किया है। यह पहल नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के मार्गदर्शन में शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम के अनुसार कैप्टन क्लीन केवल एक प्रतीक मात्र नहीं, बल्कि यह हर उस जिम्मेदार नागरिक का प्रतिनिधित्व करता है, जो अपने शहर को साफ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह मैस्कॉट लोगों को कचरा पृथक्करण, साफ-सुथरी सड़कें, सतत जीवनशैली और सुंदर आगरा के संदेश को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस पहल के तहत ‘कैप्टन क्लीन’ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों, स्कूलों, बाजारों और कॉलोनियों में जागरूकता अभियान चलाएगा। खास तौर पर बच्चों और युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा, ताकि स्वच्छता को एक आदत के रूप में विकसित किया जा सके।

नगर आयुक्त का वर्जन —-

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। ‘कैप्टन क्लीन’ इसी सोच को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा और शहर में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देगा।हमारा लक्ष्य है कि इस पहल के माध्यम से आगरा को न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जाए। ‘कैप्टन क्लीन’ नागरिकों को प्रेरित करते हुए यह संदेश देगा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *