—- फुटपाथ कब्जाने वालों पर सख्ती, दयालबाग में भी लाल निशान लगाकर दी गई चेतावनी
आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर की गई।
नगर निगम की टीम ने सिकंदरा क्षेत्र स्थित होली पब्लिक स्कूल के पास ऑफिसर्स कॉलोनी में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। यहां फुटपाथ पर बनाए गए पक्के चबूतरे, गार्डन के लिए बनाई गई पक्की फैंसिंग और अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन निर्माणों के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर निगम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
इसके अलावा नगर निगम टीम ने दयालबाग स्थित कृष्णा कॉलोनी में भी निरीक्षण किया। यहां कई स्थानों पर अतिक्रमण चिन्हित कर लाल निशान लगाए गए और संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान का नेतृत्व अवर अभियंता मुकेश कुमार ने किया। उनके साथ नगर निगम की प्रवर्तन टीम और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


