
आगरा। आज दिनांक 27.04.2026 भीषण गर्मी को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं जनसेवा के उद्देश्य से स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों पर शीतल शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जनहितकारी पहल के अंतर्गत यात्रियों को गर्मी से राहत प्रदान करते हुए रेलवे सुरक्षा एवं जनजागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश भी दिए गए। उल्लेखनीय है कि मथुरा जंक्शन पर लगातार जल सेवा का कार्य मानव सेवा संस्थान द्वारा भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल रही है। मानव सेवा संस्थान की यह निरंतर सेवा यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।
मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पी राज मोहन के निर्देशन में स्टेशन डायरेक्टर मथुरा श्री ए पी श्रीवास्तव,प्रभारी निरीक्षक श्री उपदेश कुमार कौशिक , उप निरीक्षक श्री सूरज मीना, मंडल वाणिज्य निरीक्षक श्री पवन कुमार द्वारा यात्रियों को बिना उचित एवं आपातकालीन कारण के ट्रेनों में अलार्म चेन पुलिंग न करने हेतु जागरूक किया गया तथा इसके दंडनीय प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने तथा ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में यात्री सामान की चोरी से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों के बारे में भी अवगत कराया गया।
रेलवे सुरक्षा बल मथुरा जंक्शन द्वारा इस अभियान के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं जिम्मेदार रेल यात्रा हेतु प्रेरित किया गया। यात्रियों ने शीतल शर्बत वितरण एवं सुरक्षा जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए रेलवे सुरक्षा बल के इस मानवीय एवं जनसेवी प्रयास की प्रशंसा की।


