जम्मू एंड कश्मीर । जिला ताइक्वान्डो संघ,आगरा के कोषाध्यक्ष (एडवोकेट) योगेन्द्र वार्ष्णेय की सूचनानुसार श्रीनगर स्थित शेर -ई-कश्मीर इंडोर स्टेडियम में 30 मई से 2 जून तक खेल कर संपन्न हुई प्रथम पी टी एफ इंडिया ओपन अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वान्डो प्रतियोगिता के चतुर्थ एवं अंतिम दिन आगरा के इंटरनेशनल ताइक्वान्डो मास्टर पंकज शर्मा, संतोष कुमार सिंह व नितिन बघेल (एन आई एस )ने सीनियर वर्ग कुकीवॉन टीम पूमसे स्पर्धा में अपना शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतकर आगरा, उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।
उन्होंने पूमसे कोरियो व पूमसे टाईबैक में अपना हैरत अंगेज प्रदर्शन कर सर्वाधिक 6.2 एवं 5.8 अंक हासिल कर औसत 6 अंक लेकर स्वर्ण पदक जीता । पुरस्कार वितरण अमेरिका के ग्रैंड मास्टर रिच के शिन,साउथ कोरिया के ग्रैंड मास्टर ली वोन यंग एवं मलेशिया के केविन वून द्वारा किया गया। उपरोक्त अवसर पर सी ई ओ संगीता शर्मा उपस्थित रहीं ।
पंकज शर्मा व संतोष कुमार सिंह ने 2-2 स्वर्ण पदक,नितिन बघेल ने 1 स्वर्ण पदक जबकि माधव गौतम ने 1 कांस्य पदक सहित कुल 6 पदक जीते । शानदार प्रदर्शन के लिए दिनेश चंद्र शर्मा,डॉ यू के शर्मा,नरेंद्र शर्मा,अमित शर्मा,मधु शर्मा,हरिकांत शर्मा,नवनीत कुलश्रेष्ठ,साथी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं ।


