—– व्यापारियों की शिकायत पर तत्काल सक्रिय हुआ निगम प्रशासन, जलभराव दूर करने के दिए निर्देश
आगरा। सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण बिजलीघर क्षेत्र स्थित नाला काजी पाड़ा उफन गया, जिससे आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में पानी भर गया। नाले का पानी सड़क पर आने से पूरे क्षेत्र में कीचड़ और गंदगी फैल गई, जिसके चलते व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
स्थिति की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह को मौके पर भेजा। उपनगर आयुक्त ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। जलभराव और गंदगी को लेकर नाराज कारोबारियों ने मौके पर अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए ज्ञापन भी सौंपा।
व्यापारियों का कहना था कि नाले की समय पर और प्रभावी सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी नाले में समाहित नहीं हो सका और उफनकर सड़क तथा दुकानों में घुस गया। उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए नाले की नियमित सफाई और स्थायी समाधान की मांग की।
उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद जोनल स्वच्छता अधिकारी आशुतोष वर्मा को तत्काल जलनिकासी, सफाई व्यवस्था और कीचड़ हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नाले की सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को भी कहा गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलभराव वाले क्षेत्रों में सफाई और पानी निकासी का कार्य शुरू कराया। कमोवेश यही स्थिति राजामंडी बाजार में भी हुई , यहां भी बारिश की वजह से पानी दुकानों के नीचे बने तहखानों में घुस गया। पानी निकासी के लिए यहां भी नगर निगम को पंप लगानी पड़ी। अधिकारियों ने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


