नमामि गंगे के रोड रेस्टोरेशन कार्य में फटी 8 इंच पेयजल पाइप लाइन, शहर के कई इलाकों में रहा पानी संकट

Press Release उत्तर प्रदेश

 पुरानी मंडी रोड पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति ठप, ठेकेदार से वसूली जाएगी मरम्मत की लागत

आगरा। पुरानी मंडी रोड स्थित विक्टोरिया पार्क के पास नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रहे रोड रेस्टोरेशन कार्य के दौरान विभागीय 8 इंच की पेयजल पाइप लाइन बुधवार को क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे शहर के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई। पाइप लाइन टूटने के कारण जलकल विभाग को संबंधित क्षेत्रों की पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद करनी पड़ी। गुरुवार को क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया गया, जो देर शाम पूरा होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बहाल कर दी गई।
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता ताजगंज जोन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहाबाद रोड पर विक्टोरिया पार्क के निकट मजार के सामने पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना क्षेत्रीय फिटर द्वारा दी गई थी। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने बुधवार दोपहर लगभग एक बजे मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत कराए जा रहे रोड रेस्टोरेशन कार्य के दौरान भारी रोड रोलर चलाए जाने से अत्यधिक दबाव पड़ा, जिसके चलते भूमिगत 8 इंच की पेयजल पाइप लाइन फट गई।
महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण रकाबगंज, छीपीटोला, कुम्हारपाड़ा, डीएम कंपाउंड, मोहनपुरा, बालूगंज तथा ताजगंज क्षेत्र के कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। स्थिति को देखते हुए संबंधित लाइन की जलापूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित तरीके से कराया जा सके। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य उत्तर प्रदेश जल निगम की कार्यदायी संस्था और नमामि गंगे परियोजना के ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। जलकल विभाग के अधिकारी पूरे कार्य की निगरानी कर रहे हैं। मरम्मत कार्य देर शाम पूरा होने के बाद लाइन का परीक्षण करने के पश्चात जलापूर्ति बहाल कर दी गई है।
जलकल विभाग ने स्पष्ट किया है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के लिए जिम्मेदार कार्यदायी संस्था से मरम्मत में आने वाला पूरा खर्च वसूला जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को भविष्य में भूमिगत पेयजल लाइनों के निकट निर्माण एवं सड़क कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए हैं।
जलापूर्ति प्रभावित होने से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को दिनभर पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *