नगर निगम ने एक दर्जन से अधिक निराश्रित गोवंश पकड़कर गौशाला भेजे

Press Release उत्तर प्रदेश

—— सड़कों पर घूमने वाले गोवंश पर सख्ती, जुर्माना और खुराक शुल्क वसूलेगा नगर निगम

आगरा। शहर की सड़कों पर निराश्रित गोवंश से होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात बाधा को रोकने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर एक दर्जन से अधिक निराश्रित गोवंश को पकड़कर गौशाला भिजवाया। यह अभियान लोहा मंडी, आवास विकास, फाउंड्री नगर और ट्रांस यमुना क्षेत्र में चलाया गया। अभियान में नगर निगम के करीब दो दर्जन कर्मचारी कैटल कैचर टीम के साथ शामिल रहे।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा लगातार ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां निराश्रित गोवंश सड़क पर घूमते हुए आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को विशेष अभियान चलाकर विभिन्न क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक गोवंश को सुरक्षित पकड़कर गौशाला भेजा गया।
उन्होंने बताया कि यदि कोई पशुपालक अपने गोवंश को सड़कों पर छोड़ देता है और वह नगर निगम की कार्रवाई के दौरान पकड़ा जाता है, तो संबंधित पशुपालक से गोवंश को छुड़ाने के लिए दो हजार रुपये का जुर्माना तथा प्रतिदिन 200 रुपये खुराक शुल्क निर्धारित नियमों के अनुसार वसूला जाता है। इसके बाद ही संबंधित पशुपालक को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने पर गोवंश सुपुर्द किया जाता है। कहा कि निराश्रित गोवंश के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और यातायात भी प्रभावित होता है। इसलिए नगर निगम का यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें तथा उनकी उचित देखभाल करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

—– नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यातायात बाधा मुक्त बनाने के लिए निराश्रित गोवंश के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पशुपालक अपने पशुओं को सड़कों पर न छोड़ें। यदि कोई गोवंश सड़क पर विचरण करता हुआ पकड़ा जाता है तो संबंधित पशुपालक के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं खुराक शुल्क की वसूली की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान नियमित रूप से चलाया जाए ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *