फुटपाथों पर कब्जा करना कारोबारियों को पड़ा भारी, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

 

—– रावतपाड़ा, सुभाष बाजार और दरेसी में अतिक्रमण पर सख्ती, 38 हजार जुर्माना वसूला
—– दर्जनों ठेल धकेल और काउंटर किये गए जब्त

आगरा। शहर के प्रमुख बाजारों में सफाई और यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। रावतपाड़ा, सुभाष बाजार और दरेसी बाजार क्षेत्र में फुटपाथों एवं सड़कों पर कब्जा कर व्यापार करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टास्क फोर्स ने अतिक्रमण हटाया तथा 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। अभियान के दौरान दर्जनों ठेल-धकेल, अस्थायी काउंटर, तख्त और अन्य अतिक्रमणकारी सामान जब्त कर नष्ट कर दिए गए।
नगर निगम द्वारा एक दिन पूर्व बुधवार को इन बाजारों में मुनादी कराकर कारोबारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई दुकानदारों द्वारा फुटपाथों और सड़क तक सामान फैलाकर व्यापार किया जा रहा था। गुरुवार को टास्क फोर्स ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की तो बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटते दिखाई दिए।
कार्रवाई के दौरान कुछ कारोबारियों ने विरोध भी जताया और निगम अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की। हालांकि टास्क फोर्स के अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर कब्जा होने से आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है। अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन बाजारों में लंबे समय से फुटपाथों पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। सड़क किनारे सामान रखे जाने से न केवल पैदल राहगीरों को परेशानी होती थी बल्कि बाजारों में जाम की स्थिति भी बनी रहती थी। अतिक्रमण के कारण सफाई कर्मचारियों को भी नियमित सफाई कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
अभियान का नेतृत्व जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) आशुतोष वर्मा ने किया। उनके निर्देशन में निगम की टास्क फोर्स ने कई स्थानों पर सड़क और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कुल 38 हजार रुपये का अर्थदंड भी आरोपित कर वसूला गया।

—- नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पूर्व में चेतावनी और मुनादी के माध्यम से लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और सार्वजनिक सड़कों एवं फुटपाथों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *