शहीद कैप्टन शुभम के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी होगा प्रदर्शन
आगरा। देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृतियों को समर्पित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ का आयोजन 22 नवंबर को किया जाएगा। कैप्टन शुभम फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में देशभर के प्रख्यात कवि अपनी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से शहीद को काव्यांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में संस्था के पदाधिकारियों ने आमंत्रण पत्र का विमोचन किया।
संस्थापक एवं कैप्टन शुभम के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता का देश के प्रति समर्पण, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए संस्था के सदस्य लगातार विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों के लोगों से संपर्क कर रहे हैं।
डॉ. केशवदत्त गुप्ता व डॉ. तरुण शर्मा ने बताया कि 22 नवंबर को सूरसदन प्रेक्षागृह में दोपहर दो बजे आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से आए ख्याति प्राप्त कवि अपनी ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं में देशभक्ति का जज्बा जगाएंगे। इसमें जबलपुर (मध्य प्रदेश) से सुदीप भोला, भोपाल से पवन जैन, दिल्ली से प्रवीण शुक्ला, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) से डॉ. कविता तिवारी, इटावा से गौरव चौहान और इंदौर (मध्य प्रदेश) से एकाग्र शर्मा अपनी काव्य रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। कवियों की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविताओं के माध्यम से वीर जवानों के त्याग, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को शब्दों में पिरोया जाएगा।
प्रमोद अग्रवाल व विनय सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन रहेगा। इस फिल्म के माध्यम से उनके जीवन, देशसेवा के प्रति समर्पण, सैन्य सफर और सर्वोच्च बलिदान से जुड़ी स्मृतियों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को उनके व्यक्तित्व और देश के लिए किए गए त्याग से परिचित कराना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। सूरसदन में करीब दो हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस अवसर पर राजीव अग्रवाल, टीटू गोयल, धर्मगोपाल मित्तल, मुकेश मित्तल, तपन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, उमेश बंसल, चन्द्रवीर सिंह, जितेंद्र बंसल, केके अग्रवाल, मनीष जैन, संजीव दौनेरिया आदि मौजूद रहे।


