आगरा मंडल में 07 समपारों पर लिमिटेड हाइट सब-वे (LHS) का निर्माण पूर्ण, रेल एवं सड़क यातायात होगा सुगम

Press Release उत्तर प्रदेश

रेल संरक्षा को मजबूती, सड़क यात्रियों को सुविधा एवं समपारों पर दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में रेल संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निरंतर आधारभूत संरचना विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेल खंडों में 07 लिमिटेड हाइट सब-वे (LHS) का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।
निर्मित LHS में धौलपुर–आगरा कैंट रेल खंड के समपार संख्या 486, आगरा कैंट–पलवल रेल खंड के समपार संख्या 507, 508, 555 एवं 533, मथुरा जंक्शन–अछनेरा रेल खंड के समपार संख्या 83 तथा भांडई–इटावा रेल खंड के समपार संख्या 14 शामिल हैं। इन LHS के निर्माण से रेल पटरियों के ऊपर से सड़क यातायात के आवागमन की आवश्यकता कम होगी, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित एवं निर्बाध बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, सड़क यात्रियों को समपारों पर ट्रेन के गुजरने के लिए प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय की बचत होगी तथा यातायात का प्रवाह बेहतर होगा।
LHS के निर्माण से समपारों पर लगने वाले जाम एवं भीड़भाड़ में कमी आएगी, सड़क यातायात सुचारु होगा तथा रेल और सड़क यातायात के बीच होने वाली दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त, स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था भी बेहतर होगी।
आगरा मंडल द्वारा किए जा रहे इन आधारभूत संरचना विकास कार्यों से रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने, सड़क यातायात को सुगम बनाने तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *