आगरा, 31 मई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सिंधी शक्ति संगठन द्वारा ईदगाह कॉलोनी स्थित पार्क में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूरों एवं श्रमिक भाइयों ने भाग लिया। सिंधी शक्ति संगठन के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुशील नोतनानी के नेतृत्व में उपस्थित सभी मजदूरों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी एवं सिगरेट का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर मजदूरों ने अपने पास मौजूद बीड़ी, सिगरेट, गुटखा एवं तंबाकू उत्पादों को स्वेच्छा से कूड़ेदान में डालकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में वचन दिया कि वे स्वयं भी इन घातक पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य व्यक्ति को इसके सेवन के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के लोगों को भी तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
सिंधी शक्ति संगठन के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुशील नोतनानी ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। तंबाकू के कारण कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियां, स्ट्रोक तथा अनेक जानलेवा रोग उत्पन्न होते हैं। इन बीमारियों के उपचार में लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं, जिससे परिवार आर्थिक संकट में फंस जाता है। कई बार समय पर इलाज न मिलने के कारण व्यक्ति की मृत्यु तक हो जाती है।
उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार विश्वभर में प्रतिवर्ष 80 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु तंबाकू सेवन के कारण होती है। वहीं भारत में भी हर वर्ष लगभग 13 लाख से अधिक लोग तंबाकू जनित बीमारियों के कारण अपनी जान गंवा देते हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सिंधी शक्ति संगठन के संस्थापक अध्यक्ष सुशील नोतनानी, संजीव नोतनानी, मनोज नोतनानी, रामकिशन , गुरविंदर, रामवीर, नेतराम, जहाजन, पवन, रामदीन, शाहरुख, राहुल, साहिल सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए इस जनजागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवन, खुशहाल परिवार और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। सिंधी शक्ति संगठन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाने का निर्णय लिया, जिससे समाज को तंबाकू और अन्य नशे की लत से मुक्त कराया जा सके।


