आगरा। आगरा में ऑल वुमन क्रिकेट प्रीमियर लीग होने जा रही है। द इंटरनेशनल स्कूल आगरा (टीसा) के खेल मैदान पर होने वाली लीग में चार टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी । रंगीन किट और सफेद गेंद से महिला क्रिकेट मैदान पर चौके-छक्के लगाएंगी। टीमों ने लीग की विजेता ट्राफी जीतने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
आयोजन सचिव मनोज कुशवाह ने बताया कि अमर शहीद राधेश्याम स्मृति महिला क्रिकेट प्रीमियर लीग का दूसरा संस्करण टीसा के मैदान पर 4 जून से खेला जाएगा। लीग में चार फ्रेंचाइजी टीम में शामिल सभी उम्र की महिला क्रिकेटर अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी। मनोज कुशवाह ने बताया कि लीग में चार फ्रेंचाइजी केसीआई पैंथर्स, अतुल्य वॉयजेस, सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और सीएसएफ स्पोर्ट्स विजेता ट्राफी हासिल करने का प्रयास करेंगी। लीग में आगरा और आसपास के जनपदों की राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर शामिल होंगी। लीग बेस पर खेली जाने वाली प्रतियोगिता का प्रत्येक मुकाबला 35 ओवर का खेला जाएगा। खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाने के लिए आगरा की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर हेमलता काला व पूनम यादव भी मैदान पर पहुंचेंगी। टीसा के प्रबंध निदेशक संजय कालरा ने बताया कि उनका स्कूल प्रीमियर लीग की मेजबानी के लिए तैयार है। खिलाड़ियों को बेहतरीन खेल माहौल के बीच मैच खेलने का मौका मिलेगा।


