डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को एक ही ऐप पर मिल रही विभिन्न रेलवे सेवाएं

Press Release उत्तर प्रदेश

भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक सुविधा, पारदर्शिता एवं प्रोत्साहन देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में RailOne ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को R-Wallet से भुगतान करने पर 3 प्रतिशत बोनस का लाभ दिया जा रहा है।
RailOne ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट की बुकिंग करने से यात्रियों को टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से बचने की सुविधा मिलती है। यह सुविधा विशेष रूप से दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों, उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों तथा अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी है।
RailOne से बुक किए गए अनारक्षित टिकट के संबंध में यात्रियों को यह ध्यान रखना आवश्यक है कि टिकट उसी पंजीकृत मोबाइल फोन पर उपलब्ध होना चाहिए, जिससे टिकट बुक किया गया है। केवल WhatsApp अथवा किसी अन्य माध्यम से भेजे गए टिकट के स्क्रीनशॉट को वैध यात्रा प्राधिकरण नहीं माना जाता।
RailOne एकीकृत सुपर ऐप के रूप में यात्रियों को विभिन्न रेलवे सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है। CRIS द्वारा विकसित RailOne ऐप का बीटा संस्करण जनवरी 2025 में शुरू किया गया था। यात्री इसे Play Store अथवा App Store से डाउनलोड कर सकते हैं। Rail Connect अथवा UTS Mobile ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता भी अपनी उपलब्ध लॉगिन सुविधा के माध्यम से RailOne का उपयोग कर सकते हैं।
RailOne ऐप की प्रमुख सुविधाएं
आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट की बुकिंग तथा रद्दीकरण की सुविधा।
प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग।
ट्रेन, कोच पोजीशन एवं PNR से संबंधित जानकारी।
रियल टाइम ट्रेन पूछताछ एवं लाइव ट्रेन स्टेटस।
ई-कैटरिंग के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग।
शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने तथा उनकी स्थिति देखने की सुविधा।
यात्रियों को विभिन्न रेलवे सेवाओं एवं जानकारियों की सुविधा एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध।
RailOne ऐप के माध्यम से डिजिटल सेवाओं का विस्तार रेलवे की यात्री सुविधाओं को अधिक आधुनिक, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को समय की बचत के साथ-साथ रेलवे सेवाओं का डिजिटल माध्यम से आसानी से लाभ उठाने में सुविधा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *