—– रेणुका विहार में रैंप तोड़े जाने पर भड़के लोग, समझाने के बाद शुरू हुआ सफाई अभियान
आगरा। मानसून से पूर्व चलाए जा रहे नाला सफाई अभियान के दौरान कमला नगर क्षेत्र के निषाद चौक स्थित रेणुका विहार में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब नगर निगम की टीम नाले की सफाई के लिए जेसीबी मशीन लेकर पहुंची। नाले पर बनाए गए रैंप और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय दुकानदार और क्षेत्रीय लोग विरोध में उतर आए तथा जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर कार्य रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा बरसात से पहले नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निषाद चौक रेणुका विहार क्षेत्र में नाले की सफाई के लिए टीम पहुंची थी। सफाई कार्य के दौरान नाले पर बने रैंप और अवरोधकों को हटाया जाने लगा, जिस पर कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने जेसीबी मशीन को आगे बढ़ने से रोक दिया।
विरोध के चलते कुछ समय के लिए सफाई अभियान बाधित रहा। स्थिति की सूचना मिलते ही नगर निगम की टास्कफोर्स और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि नाले पर किए गए निर्माण और रैंप के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है तथा बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। काफी देर तक चली समझाइश और वार्ता के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
टास्कफोर्स की टीम ने भारी मशक्कत के बाद विरोध कर रहे लोगों को शांत कराया, जिसके बाद नाले की सफाई का कार्य पुनः शुरू कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को जलभराव मुक्त बनाने और नालों की जल निकासी क्षमता बढ़ाने के लिए सफाई अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा जहां भी नालों पर अवैध अवरोध पाए जाएंगे, उन्हें हटाकर सफाई कार्य कराया जाएगा।
बताया गया कि क्षेत्रीय एसएफआई रचना गुप्ता द्वारा पहले ही अधिकारियों को सूचना दी गई थी कि नाले की सफाई के दौरान कुछ लोग विरोध कर सकते हैं। इसके बावजूद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि शहरहित में चल रहे सफाई अभियान में सहयोग करें ताकि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।


