
—– रत्नमुनि जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज मार्ग पर अतिक्रमण की कोशिश, अभिलेख न दिखाने पर कार्रवाई
आगरा। नगर निगम की टास्क फोर्स टीम ने वार्ड-85 खातीपाड़ा, लोहामंडी क्षेत्र में सरकारी सड़क की भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। यह निर्माण रत्नमुनी जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज को जाने वाले प्रमुख मार्ग पर किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में अतिक्रमण की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
नगर निगम प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कॉलेज मार्ग पर सरकारी सड़क की भूमि को घेरते हुए एक दुकान का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगम की क्षेत्रीय अभियंता और टास्क फोर्स टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य की जांच की। जांच के दौरान निर्माणकर्ता से संबंधित भूमि एवं निर्माण के अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।
अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की आशंका के चलते टास्क फोर्स ने निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति को स्वामित्व एवं निर्माण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोगों का कहना था कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण क्षेत्रवासियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था के लिए बाधक है। ऐसे मामलों में नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। नगर निगम की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों के आवागमन के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि सड़क की भूमि पर निर्माण होने दिया जाता तो भविष्य में यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती थीं। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि, सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


