—– ईदगाह स्टेशन के पास चला संयुक्त अभियान, नाला सफाई में बाधक 40 फीट लंबी दीवार हटाई गई
आगरा। बरसात के मौसम में रेल पटरियों पर जलभराव की समस्या को रोकने और नाले की सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम ने रेलवे प्रशासन के अनुरोध पर ईदगाह रेलवे स्टेशन के निकट मॉडल टाउन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 वर्ष पुरानी और लगभग 40 फीट लंबी दीवार को ध्वस्त करा दिया। संयुक्त अभियान के दौरान नगर निगम की टास्कफोर्स और रेलवे अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
रेलवे प्रशासन ने नगर निगम से उक्त दीवार को हटाने की मांग की थी। रेलवे अधिकारियों का कहना था कि दीवार के कारण क्षेत्र में स्थित नाले की नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी, जिससे बरसात के दौरान रेल पटरियों के आसपास जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बना रहता था। नाले में जमा गाद और कचरे के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे रेलवे संचालन भी प्रभावित होने की आशंका थी।
बताया गया कि जिस भूमि पर यह दीवार बनी हुई थी, उसे रेलवे द्वारा लगभग 50 वर्ष पूर्व इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को लीज पर दिया गया था। लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी, लेकिन दीवार अब भी मौजूद थी। दीवार की वजह से नाले तक सफाई कर्मियों और मशीनों की पहुंच नहीं हो पा रही थी, जिसके चलते नाले की सफाई लंबे समय से बाधित थी। समस्या के समाधान हेतु सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने गत दिवस यहां का निरीक्षण भी किया था।
कार्रवाई के आदेश पर नगर निगम की टास्कफोर्स ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और दीवार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद नाले की सफाई का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है, जिससे आगामी बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि अब नाले की नियमित सफाई कराई जाएगी ताकि रेल पटरियों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। कार्रवाई के दौरान रेलवे की ओर से सेक्शन इंजीनियर दिनेश बघेल मौजूद रहे, जबकि नगर निगम की ओर से एसएफआई नीलेन्द्र, टास्कफोर्स के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर तैनात रहे। संयुक्त टीम ने पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मानसून को देखते हुए शहर भर में नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


