—– तीन जोन में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र, सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चलेगा कार्यक्रम
आगरा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत आगरा में एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 15, 16 और 17 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए तीन जोन में केंद्र निर्धारित किए हैं। सभी संबंधित कार्मिकों को निर्धारित तिथि, समय और केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।
अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर को निर्धारित प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नगर निगम की ओर से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण की सूचना सूची के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई है, ताकि वे समय से अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि हरिपर्वत और छत्ता जोन के कार्मिकों के प्रशिक्षण के लिए आगरा कॉलेज के विधि संकाय को केंद्र बनाया गया है। ताजगंज जोन के एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण नगर निगम इंटर कॉलेज, ताजगंज जोन में होगा। वहीं, लोहामंडी जोन के कार्मिकों के लिए सेक्टर-3 स्थित एसएस पैरामेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित कार्मिकों से निर्देशों का पालन करते हुए प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के कार्य में सटीकता, समयबद्धता और जिम्मेदारी का विशेष महत्व है। इसके लिए प्रत्येक कार्मिक का प्रशिक्षित होना जरूरी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। निर्देशों की अवहेलना करने अथवा प्रशिक्षण कार्य में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। इसलिए सभी कार्मिक निर्धारित समय पर अपने प्रशिक्षण केंद्र पर पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त करें और इस राष्ट्रीय कार्य को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं।


