15 दिन पहले लाल निशान लगाकर दी थी चेतावनी, टास्क फोर्स और पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण, स्थानीय पार्षद की शिकायत पर कार्रवाई
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड रतनपुरा, नुनिहाई स्थित निगम के खत्ताघर की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए पांच मकानों को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई से पहले निगम प्रशासन की ओर से संबंधित निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए थे और कब्जाधारकों को 15 दिन के भीतर अवैध कब्जे हटाने की चेतावनी दी गई थी। निर्धारित समयावधि में कब्जे नहीं हटाए जाने पर बुधवार को निगम की टीम ने पुलिस बल और टास्क फोर्स की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर मौके पर कुछ महिलाओं ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस और नगर निगम की टास्क फोर्स की सख्ती के चलते उनका विरोध प्रभावी नहीं हो सका। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस फोर्स को पहले ही मौके पर बुला लिया गया था। पुलिस की मौजूदगी में निगम की टीम ने खत्ताघर की भूमि पर बने पांचों अवैध मकानों को ध्वस्त करा दिया।
बताया गया कि रतनपुरा, नुनिहाई स्थित नगर निगम के खत्ताघर की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकानों का निर्माण कर लिया गया था। स्थानीय पार्षद की ओर से इस संबंध में नगर निगम प्रशासन से शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसके तहत करीब 15 दिन पहले मौके पर लाल निशान लगाकर कब्जाधारकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि नगर निगम की भूमि से अवैध निर्माण हटा लिए जाएं, अन्यथा प्रशासन द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
चेतावनी के बावजूद कब्जे हटाने के बजाय भवनों का निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने निर्धारित कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची टीम ने पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माणों को हटाया। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक अभियंता जीवेक ने किया। अभियान के दौरान नगर निगम की टास्क फोर्स और पुलिस की मौजूदगी के चलते विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी रही।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निगम की संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शिकायतों और स्थलीय स्थिति के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। खत्ताघर की भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने की यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।
इनके तोड़े गये मकान:
राशिद पुत भोला बाबा,बाबी पुत्र जमाल, शकील, ललित व एक अन्य
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“नगर निगम की सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम की संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध कब्जों के संबंध में प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित लोगों से अपील है कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और नगर निगम की कार्रवाई में सहयोग करें।”


