—- बालूगंज में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान जमकर हुआ विवाद, टायर वापस कर चेतावनी
आगरा। सार्वजनिक स्थान पर रखे वाहनों के टायरों को जब्त करने पहुंची नगर निगम की टीम को मंगलवार को कारोबारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। बालूगंज क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर रखे टायरों को वाहन में लादना शुरू किया तो व्यापारी रमेश चंद्र जैन ने कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। उसका आरोप था कि नगर निगम द्वारा कार्रवाई से पूर्व अवगत नहीं कराया गया। काफी देर तक चले विवाद के बाद नगर निगम प्रशासन ने वाहन में लादे गए टायरों को वापस कर दिया। साथ ही कारोबारी को तीन दिन के भीतर सार्वजनिक स्थान से सभी टायर हटाने की चेतावनी दी गई।
नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर में सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में टीम बालूगंज क्षेत्र में पहुंची। टीम ने सार्वजनिक स्थान पर बड़ी संख्या में टायर रखे देखे। नगर निगम कर्मचारियों ने टायरों को मौके से हटाने और जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। कई टायर नगर निगम के वाहन में लाद भी दिए गए।
इसी दौरान कारोबारी रमेश चंद्र जैन ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। टायर जब्त किए जाने को लेकर मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। कारोबारी के विरोध के बाद नगर निगम टीम ने वाहन में लादे गए टायरों को वापस कर दिया।
जेडएसओ ने कारोबारी को नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थान पर टायर रखकर सड़क और आवागमन में बाधा न डाली जाए। अधिकारियों ने चेताया कि निर्धारित अवधि में टायर नहीं हटाए गए तो नगर निगम दोबारा कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर सकता है।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में सार्वजनिक स्थान, सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर सामान रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


