—- बारिश का पानी पाइपलाइन से शाहजहां गार्डन की नाली में छोड़ा जाएगा, नगर निगम ने तैयार की योजना
आगरा। पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन के पास हर बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान अब जल्द दिखाई देगा। नगर निगम प्रशासन ने इस स्थान पर जल निकासी की व्यवस्था विकसित करने की योजना तैयार कर ली है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन के आसपास वर्षों से बारिश के दौरान भारी जलभराव की समस्या बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे यहां से गुजरने वाले स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लंबे जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा तैयार योजना के अनुसार इस स्थान पर एक चैंबर का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद पाइपलाइन बिछाकर वर्षा के पानी को शाहजहां गार्डन की नाली तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सड़क पर पानी जमा नहीं होगा और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
बुधवार को जलजमाव की सूचना के बाद सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने नगर निगम के अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित कार्यस्थल का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन के पास जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कार्ययोजना तैयार की गई है। इसका टेंडर पूरा हो चुका है और अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। चैंबर और पाइपलाइन बनने के बाद वर्षा का पानी सीधे शाहजहां गार्डन की नाली में जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में जलभराव और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।


