आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के दिशा-निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में आगरा मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों तथा बिना बुक कराए सामान ले जाने वालों के विरुद्ध माह जून 2026 में विशेष जांच अभियान चलाए गए।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) संजय कुमार गौतम, सहायक वाणिज्य प्रबंधक (गुड्स) श्री संजीव कुमार जाटव तथा मंडल वाणिज्य निरीक्षक श्री आर.के. सिंह के निर्देशन में मंडल के सभी रेल खंडों एवं प्रमुख स्टेशनों पर रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक एवं मजिस्ट्रेट चेक सहित विभिन्न सघन जांच अभियान एक मिशन के रूप में संचालित किए गए।
इन अभियानों के दौरान जून 2026 में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले कुल 44,066 यात्रियों से ₹3,41,98,860 का रेल राजस्व अर्जित किया गया, जबकि बिना बुक कराए सामान ले जाने वाले 74 यात्रियों से ₹9,750 का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 44,144 मामलों में ₹3,42,08,610 का जुर्माना वसूल किया गया।
यह उपलब्धि पिछले वर्ष जून माह की ₹3.03 करोड़ की आय की तुलना में लगभग 12.87 प्रतिशत अधिक है, जो आगरा मंडल की प्रभावी टिकट जांच व्यवस्था एवं राजस्व संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस प्रकार के टिकट जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके तथा रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।आगरा मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान को विधिवत बुक कराएं तथा रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखते हुए धूम्रपान से परहेज करें।


