खंदारी हनुमान मंदिर से यूनिवर्सिटी कैंपस तक सड़क का होगा कायाकल्प, 70 लाख से शुरू हुआ निर्माण

Press Release उत्तर प्रदेश

गड्ढों से मिलेगी मुक्ति, खंदारी हाईवे तक एफ एफ सी से बनेगी हॉट मिक्स सड़क
वीआईपी आवागमन वाले मार्ग को मिलेगी नई पहचान

आगरा। खंदारी हनुमान मंदिर से यूनिवर्सिटी कैंपस होते हुए खंदारी हाईवे तक जाने वाले प्रमुख मार्ग के दिन अब बहुरने वाले हैं। लंबे समय से जर्जर और गड्ढों से भरी इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वार्ड 95 में करीब 70 लाख रुपये की लागत से हॉट मिक्स सड़क बनाई जाएगी।
क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान के प्रस्ताव पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने एफएफसी निधि से इस सड़क के निर्माण को स्वीकृति दी है। कई वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब हॉट मिक्स से सड़क बनने के बाद लोगों को गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह मार्ग शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। खंदारी हनुमान मंदिर से शुरू होकर यह सड़क फ्रेंड्स पैराडाइज अपार्टमेंट, कुंवर कॉलोनी, फ्रेंड्स आशियाना अपार्टमेंट, यूनिवर्सिटी कैंपस, होम साइंस इंस्टीट्यूट, खंदारी चुंगी और पदमचंद संस्थान होते हुए खंदारी हाईवे तक पहुंचती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। विश्वविद्यालय और विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों के साथ ही स्थानीय कॉलोनियों के निवासियों के लिए भी यह महत्वपूर्ण रास्ता है।
मार्ग पर अक्सर वीआईपी आवागमन भी रहता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत खराब हो गई थी। स्थानीय लोगों की ओर से भी सड़क सुधार की जरूरत महसूस की जा रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। सड़क बनने से आवागमन सुगम होने के साथ ही आसपास के क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
रविवार को पंडित गिरीशचंद्र शर्मा ने इसके निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जबकि इस अवसर पर गोपेश्वर मंडल अध्यक्ष अमित बंसल, दीनदयाल मंडल अध्यक्ष योगेश दिवाकर, क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान, ओमपाल सिंह जादौन, देवेंद्र चौहान, योगेश गौतम, मुकुल शर्मा, अजय चौहान, श्याम बाबू शर्मा, अमित बघेल, कौशल सैनी, लालितेश चौधरी, राजा गोस्वामी और सुनील विज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *