
आगरा, 06 नवंबर। आगरा हॉकी संघ के सचिव संजय गौतम और उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय टीम ने मोहाली में जापान को 4-1 से हराकर न सिर्फ छठी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती है, बल्कि लगातार तीसरी बार चैंपियन बनकर पूरे देश का मान बढ़ाया है।
सचिव संजय गौतम ने कहा कि फाइनल में शुरुआत में 0-1 से पिछड़ने के बाद टीम ने जिस जज्बे, धैर्य और आक्रामकता से वापसी की, वह भारतीय हॉकी के स्वर्णिम भविष्य का संकेत है। शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और विवेक सागर प्रसाद के गोलों ने साबित कर दिया कि भारत अब एशिया में ही नहीं, विश्व हॉकी में भी अपनी बादशाहत कायम करने की ओर बढ़ रहा है।
उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि यह जीत उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो गलियों, कस्बों और छोटे शहरों में हॉकी खेलकर बड़े सपने देखते हैं। आगरा हॉकी संघ की ओर से पूरी टीम, कोचिंग स्टाफ और हॉकी इंडिया को हार्दिक बधाई। हमें विश्वास है कि भारतीय टीम इसी लय को बनाए रखते हुए ओलंपिक में भी तिरंगा फहराएगी।


