आगरा,दिनांक: 22 नवम्बर 2026।* मेरा युवा भारत, आगरा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा भगत सिंह युवा मंडल, सेमरा के सहयोग से खंदौली में प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खंदौली प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा अपनी खेल प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंदौली के ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा युवा भारत का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध कराना है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा उनमें एकता, सहयोग, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की है। युवा अपनी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करते हुए खेल, सामाजिक कार्यों एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर एडवोकेट उमेश चौहान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए और खेलों के माध्यम से अपने अंदर अनुशासन, मेहनत एवं संघर्ष की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हार और जीत प्रतियोगिता का हिस्सा हैं, लेकिन खेलों में भाग लेना और निरंतर प्रयास करना सबसे महत्वपूर्ण है।
भगत सिंह युवा मंडल, सेमरा के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में अपार प्रतिभा और क्षमता है। ऐसे खेलकूद आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपना समय सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा खेलकूद, शिक्षा एवं सामाजिक कार्यों में अधिक से अधिक भागीदारी करें और अपने गांव एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें।
दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ तथा बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में युवाओं ने पूरे उत्साह, जोश एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
– कबड्डी: शोभाराम – प्रथम स्थान
– 400 मीटर दौड़: सपना – प्रथम स्थान
– 200 मीटर दौड़: अंकित थैनुआ – प्रथम स्थान
– 100 मीटर दौड़: महक एवं भानु – प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में अंकित, अर्शी एवं हिमांशु का विशेष सहयोग रहा। इन सभी ने प्रतियोगिता के संचालन एवं आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने, उनकी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानने तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं में आपसी भाईचारे, सहयोग, अनुशासन एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया। मेरा युवा भारत, आगरा द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता के निर्माण तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।


