टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार क्षेत्र में दूसरे दिन भी गरजा नगर निगम का बुलडोजर, दर्जनों अवैध निर्माण ध्वस्त

Press Release उत्तर प्रदेश

दुकानदारों में दिनभर मची रही अफरातफरी; भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

आगरा। टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का बुलडोजर रविवार को दूसरे दिन भी गरजता रहा। सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर दर्जनों अवैध निर्माणों को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में दिनभर अफरातफरी का माहौल बना रहा। बुलडोजर के पहुंचते ही कई दुकानदारों में अपना सामान समेटने की होड़ मच गई।
अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह और प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण, अस्थायी कब्जों और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को निशाना बनाया गया। टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार होते हुए सौ फुटा रोड और बुद्धा पार्क तक सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी और जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ तक सामान फैलाकर रखने तथा अस्थायी निर्माण कर लेने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू किया है।
इससे पहले शनिवार को भी नगर निगम, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया था। लगातार दूसरे दिन कार्रवाई जारी रहने से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही। नगर निगम की टीम ने साफ संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *