——‘पहले वेंडिंग जोन, फिर हटाओ अतिक्रमण’ की मांग पर अड़े पार्षद, पुलिस-नगर निगम की सख्ती के बीच चली कार्रवाई
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए श्रीराम चौक से आगरा कैंट स्टेशन तक सड़क पटरी और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान के दौरान नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने सड़क किनारे तिरपाल, टिन शेड और अन्य अस्थायी ढांचों को ध्वस्त करते हुए हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूला। कार्रवाई के चलते पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और अतिक्रमण कर कारोबार कर रहे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम की टीम सुबह भारी पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क किनारे संचालित ढाबों, फास्ट फूड के काउंटरों, अस्थायी दुकानों तथा अन्य अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कई स्थानों पर दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने अभियान जारी रखा।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राकेश कन्नौजिया दुकानदारों के समर्थन में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से तीखी नोकझोंक की। विरोध के बीच पार्षद बुलडोजर पर चढ़ गए और कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किया। उनका कहना था कि वर्षों से सड़क किनारे व्यापार कर रहे लोगों की आजीविका का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। पहले नगर निगम इन छोटे कारोबारियों के लिए वेंडिंग जोन विकसित करे और उसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करे।
पार्षद के विरोध के दौरान कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित रखा। पुलिस की मौजूदगी में प्रवर्तन दल ने अभियान जारी रखा और एक-एक कर सभी अवैध कब्जों को हटवा दिया।
नगर निगम की इस कार्रवाई में सड़क किनारे लगे तिरपाल, टिन शेड, अस्थायी ढाबे, फास्ट फूड स्टॉल और अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद सड़क और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे आवागमन भी सुगम हो गया।
कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाता तो वे स्वयं वहां स्थानांतरित हो जाते। वहीं, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“शहर में सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन स्थानों पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य शहर को सुगम, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। वेंडिंग जोन से संबंधित व्यवस्थाएं नियमानुसार विकसित की जा रही हैं, लेकिन सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।”


