स्व गणना के लिए नगर निगम ने तेज किया जागरूकता अभियान, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन बनेंगे प्रचार का माध्यम
स्व गणना के लिए शहर में चलेगा विशेष प्रचार अभियान
आगरा। स्व गणना के कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और अधिक से अधिक शहरवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज करने की तैयारी की है। इसके तहत शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में लगे वाहनों के माध्यम से स्व गणना का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। नगर निगम की ओर से इन वाहनों पर बैनर और पोस्टर लगवाए जाएंगे, ताकि घर-घर तक स्व गणना का संदेश पहुंच सके और लोग निर्धारित समय के भीतर स्वयं अपनी गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि स्व गणना का कार्य 16 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 30 नवंबर तक चलेगा। इस अवधि में अधिक से अधिक नागरिकों को स्व गणना के प्रति जागरूक करने और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर में स्वच्छता कॉरपोरेशन के माध्यम से लगभग 300 वाहनों द्वारा घर-घर से कूड़ा संग्रहण कराया जाता है। ये वाहन प्रतिदिन शहर के विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में पहुंचते हैं। ऐसे में इन वाहनों को प्रचार का माध्यम बनाने से स्व गणना का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सकेगा।
उन्होंने बताया कि वाहनों पर लगाए जाने वाले बैनर और पोस्टर के जरिए नागरिकों को स्व गणना की समय सीमा और इसमें भाग लेने के महत्व की जानकारी दी जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि शहर का कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे। इसके लिए नियमित कूड़ा कलेक्शन के साथ ही जनगणना संबंधी जागरूकता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। नगर निगम प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभिनव पहल से स्व गणना के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ेगी और निर्धारित अवधि में अधिक से अधिक नागरिक इसमें सहभागिता करेंगे।


