
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 13 रेल कर्मचारियों को किया पुरस्कृत
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने दिनांक 09.06.2026 को प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी यतेन्द्र कुमार एवं उत्तर मध्य रेलवे के विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडलों के चयनित रेल कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए।
अप्रैल 2026 माह के लिए कुल 13 रेल कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट संरक्षा प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें आगरा मंडल के 04 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही आगरा मंडल के सुनील कुमार मीना, प्वाइंट्समैन, बहज को अप्रैल 2026 माह का “सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी” घोषित कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
आगरा मंडल से सुनील कुमार मीना (प्वाइंट्समैन, बहज), नीरज कुमार (स्टेशन मास्टर, कोसीकलां), देवाशीष कुमार सिंह (स्टेशन मास्टर, राधाकुंड) तथा मुकेश कुमार (गेटमैन, धौलपुर) को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि रेलवे संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कर्मचारियों की सजगता, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संरक्षा के प्रति इसी प्रकार समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।


