बकायेदारों की चार संपत्तियों को किया सील, पांच लाख से अधिक की वसूली

Press Release उत्तर प्रदेश

—- नगर आयुक्त के निर्देश पर गृहकर बकायेदारों पर दो जोन में कड़ी कार्रवाई

आगरा । नगर निगम द्वारा नगर आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में गृहकर बकायेदारों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को हरीपर्वत एवं छत्ता जोन में व्यापक अभियान चलाकर बड़े बकायेदारों से वसूली की गई तथा बकाया न चुकाने पर संपत्तियों को सील किया गया।
हरीपर्वत जोन में चलाए गए विशेष वसूली अभियान के दौरान कुल 3,64,811रुपये की गृहकर वसूली की गई। वहीं बकाया न जमा करने वाले चार संपत्ति स्वामियों की संपत्तियों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी अवधेश कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे तथा प्रवर्तन दल ने पूरी मुस्तैदी के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसके अतिरिक्त छत्ता जोन में भी अभियान के दौरान 2,00,000 की राशि चेक के माध्यम से वसूल की गई। मौके पर टी.एस. शीतल गुप्ता एवं प्रवर्तन दल उपस्थित रहा। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान विशेष रूप से 50,000 से अधिक गृहकर बकाया रखने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध विशेष रूप से चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के आदेशानुसार, बकायेदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, बावजूद इसके कर जमा न करने पर अब सीलिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय से गृहकर जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की कठोर कार्रवाई से बचा जा सके। अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि आगामी दिनों में अन्य जोनों में भी ऐसे ही सघन अभियान चलाए जाएंगे और बकाया रखने वालों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *