—– नगर आयुक्त खुद कर रहे मॉनिटरिंग, चैन मशीनों, जेसीबी और हाईवा से तेज हुआ सिल्ट उठान अभियान
आगरा। मानसून से पूर्व शहर को जलभराव की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे 72 घंटे के विशेष नाला सफाई एवं सिल्ट उठान महाअभियान बुधवार से शुरू हो गया। अभियान के तहत बुधवार को द्वितीय पाली (रात) में विभिन्न जोनों में व्यापक स्तर पर कार्य कराया गया। अभियान के दौरान नालों की सफाई के लिए चैन मशीनों तथा सिल्ट उठान के लिए भारी वाहनों को लगाया गया, जिससे प्रमुख नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई तेजी से की जा सके।
ताजगंज जोन में द्वितीय पाली के दौरान कोलिहाई नाहरगंज तथा जगनेर रोड क्षेत्र में चैन मशीनों के माध्यम से नालों की सफाई कराई गई। इस कार्य की निगरानी एसएफआई योगेंद्र कुशवाह एवं अभय यादव द्वारा की गई। वहीं हरीपर्वत जोन में यमुना विहार तथा सुल्तानगंज की पुलिया क्षेत्र में द्वितीय एवं तृतीय पाली में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। लोहामंडी जोन में जगदीशपुरा नाले की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य किया गया। छत्ता जोन में जलेसर रोड एवं भैंरों नाले पर चैन मशीनों से सफाई कराई गई।
नालों से निकाली जा रही सिल्ट को तत्काल हटाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ताजगंज जोन में शमशाबाद रोड स्थित शहीद नगर तथा उखर्रा नहर क्षेत्र में सिल्ट उठान का कार्य कराया गया। हरीपर्वत जोन में वाटर वर्क्स के पीछे स्थित नालों से निकाली गई सिल्ट को हटाया गया, जबकि लोहामंडी जोन के राजनगर क्षेत्र में भी सिल्ट उठान अभियान चलाया गया।
नगर निगम द्वारा इस अभियान में भारी संख्या में वाहनों और मशीनों को लगाया गया है। सिल्ट उठान एवं परिवहन कार्य के लिए 4 टिपर, 4 ट्रैक्टर, 3 हाईवा, 4 अतिरिक्त ट्रैक्टर, लोडर, ट्रैक्टर लोडर, जेसीबी मशीन तथा रोबोटिक सफाई मशीन का उपयोग किया जा रहा है। इन संसाधनों के माध्यम से नालों से निकलने वाली सिल्ट को तत्काल हटाकर सफाई कार्य को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं पूरे 72 घंटे के अभियान की लगातार समीक्षा कर रहे हैं तथा विभिन्न जोनों से प्राप्त प्रगति रिपोर्ट पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी क्षेत्र में सफाई कार्य प्रभावित न होने पाए और नालों से निकाली गई सिल्ट का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार लगातार विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परख रहे हैं। इसके अलावा वाहन प्रभारी एवं जेड एस ओ मुख्यालय जितेन्द्र कुमार सफाई कार्य की गुणवत्ता, मशीनों की कार्यक्षमता तथा सिल्ट उठान की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले शहर के प्रमुख नालों की सफाई पूर्ण कर जलभराव की समस्या को न्यूनतम करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


