—–समय से ड्यूटी व सामग्री लें प्रगणक-सुपरवाइजर, नगर जनगणना अधिकारी ने जारी की चेतावनी
आगरा। आगामी जनगणना कार्य को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। नगर निगम के समस्त जोनों में वर्तमान समय में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की ड्यूटी वितरण प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसी क्रम में नगर निगम प्रशासन ने सभी नियुक्त कार्मिकों को समय से अपनी ड्यूटी प्राप्त करने और निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। इसके वाबजूद कुछ कर्मचारी ड्यूटी प्राप्त करने में लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश देने के साथ ही उनके विभागाध्यक्ष को पत्र लिखा जा रहा है। ताकि संबंधित कमिकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन कार्मिको द्वारा ड्यूटी प्राप्त करने में उदासीनता दिखाई जाएगी अथवा समय से सामग्री एवं जिम्मेदारी लेने नहीं पहुंचेंगे, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक व विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कई जोनों में यह देखा गया है कि कुछ प्रगणक और सुपरवाइजर समय पर ड्यूटी एवं आवश्यक सामग्री लेने नहीं पहुंच रहे हैं, प्रशासन ने ऐसे कार्मिकों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि जनगणना कार्य में लापरवाही राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति उदासीनता मानी जाएगी।


