हरीपर्वत से रवि हॉस्पिटल तक आज से सड़क उन्नयन कार्य , रोड रहेगा बंद

Press Release उत्तर प्रदेश

—– 15 जून तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, आज से शुरू होगा कार्य

—– एमजी रोड पर मेट्रो कार्य के बीच ट्रैफिक दबाव कम करने की तैयारी, वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश

आगरा। शहर में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के बीच अब हरीपर्वत चौराहा से रवि हॉस्पिटल तक प्रस्तावित समेकित विकास एवं उन्नयन कार्य को लेकर यातायात विभाग ने नगर निगम प्रशासन को सशर्त अनुमति दे दी है। नगर निगम प्रशासन द्वारा उक्त कार्य के लिए पुलिस उपायुक्त यातायात से अनुमति मांगी थी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव द्वारा बताया गया है कि पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 15 मई से 15 जून तक विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहने के कारण एमजी रोड पर यातायात का दबाव अपेक्षाकृत कम रहेगा। ऐसे में इसी अवधि में सड़क उन्नयन कार्य कराए जाने और आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने को उपयुक्त रहेगा।
नगर निगम द्वारा “सीएम ग्रिड्स” योजना के अंतर्गत हरीपर्वत चौराहा से रवि हॉस्पिटल तथा दिल्ली गेट से राजामंडी मेट्रो स्टेशन तक मार्ग के समेकित विकास एवं उन्नयन का प्रस्ताव भेजा गया था।
यातायात विभाग के अनुसार वर्तमान समय में एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य प्रगति पर होने से शहर के यातायात का बड़ा हिस्सा हरीपर्वत–दिल्ली गेट–मदिया कटरा–लोहामंडी मार्ग से होकर गुजर रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह मार्ग फिलहाल एमजी रोड का प्रमुख वैकल्पिक रास्ता है और इसके अलावा कोई अन्य सुगम विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बिना पर्याप्त तैयारी के डायवर्जन लागू करने पर शहर में भारी जाम की स्थिति बन सकती है।
यातायात विभाग ने सड़क उन्नयन कार्य शुरू करने से पहले दो प्रमुख शर्तें पूरी करने को कहा है। पहली शर्त के तहत स्पीड कलर लैब तिराहा से डी मार्ट होकर दिल्ली गेट तक मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर सड़क की मरम्मत कराकर बीच में डिवाइडर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दूसरी शर्त में सेंट जॉन्स चौराहा से लोहामंडी तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर उसकी मरम्मत कराए जाने को आवश्यक बताया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि इन शर्तों के पूर्ण होने के बाद ही 15 मई से 15 जून तक हरीपर्वत चौराहा से रवि हॉस्पिटल के मध्य ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाना उचित होगा। यदि निर्धारित तैयारियां पूरी किए बिना डायवर्जन लागू किया गया तो एमजी रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में गंभीर जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
यातायात विभाग ने संबंधित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वैकल्पिक मार्गों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाते हुए यातायात संचालन को सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *