यमुना में भैंस उतारने पर सख्ती, प्रति भैंस 8 हजार रुपये का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- दो शिफ्टों में टास्कफोर्स द्वारा आदेशों का कराया जा रहा पालन

आगरा। यमुना नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए ताज टीटीजेड अथोरिटी के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। यमुना में भैंसों को नहलाने और उतारने पर रोक लगाने के लिए नगर निगम की ओर से तैनात टास्क फोर्स लगातार निगरानी कर रहे हैं। यह जानकारी अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने दी।
बताया कि यमुना नदी में भैंसों को नहलाने से जल प्रदूषण बढ़ता है और नदी की स्वच्छता प्रभावित होती है। इसे देखते हुए टीटीजेड अथोरिटी द्वारा यमुना में पशुओं को उतारने पर प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम प्रशासन इस आदेश का कड़ाई से पालन करा रहा है। यमुना के विभिन्न घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में टास्क फोर्स की तैनाती की गई है। टास्कफोर्स दो शिफ्टों में कार्य कर रही है ताकि सुबह और शाम के समय विशेष निगरानी रखी जा सके। टास्कफोर्स पशुपालकों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रतिबंधित गतिविधियों को रोकने का भी कार्य कर रहे हैं।
अपर नगर आयुक्त के अनुसार ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र अथारिटी के आदेशों का उल्लंघन करने वाले पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अपनी भैंसों को यमुना में उतारता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध प्रति भैंस आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। नगर निगम की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है और कई स्थानों पर पशुपालकों को चेतावनी भी दी गई है।कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। नगर निगम का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं बल्कि लोगों को जागरूक कर नदी संरक्षण के अभियान में सहभागी बनाना है।
उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे यमुना में पशुओं को न उतारें तथा की टीम जेड क्षेत्र में अथारिटी द्वारा लागू निर्देशों का पालन करें। नगर निगम भविष्य में भी निगरानी अभियान जारी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *